Madhu kalash.

कुछ सीखें / खुद को खर्च करें / ताकि दुनिया आपको सर्च करे ।

MCQ , Viram Chihn, Class 9,Hindi Course B

1 min read
विराम चिह्न

विराम चिह्न

 

विराम चिह्न
विराम चिह्न

                           

  You May Like – विडियो – एम सी क्यू, अनुस्वार          

भाषा को व्यवस्थित और स्पष्ट बनाने वाले चिह्नों को विराम चिह्न कहते हैं।

विराम का अर्थ है रुकना या ठहरना। हम अपनी बात को स्पष्ट करने के लिए बीच-बीच में रुकते हैं कहीं कम रुकते हैं, कहीं ज़्यादा रुकते हैं। एक ही वाक्य का उच्चारण हम अलग अलग तरीके से करते हैं। जैसे-

उसे रोको मत जाने दो।  (यहाँ विराम चिह्नों के बिना अर्थ स्पष्ट नहीं है।)

उसे रोको मत, जाने दो। ( यहाँ उसे रोकने के लिए मना किया जा रहा है।)

उसे रोको, मत जाने दो। (यहाँ उसे रोकने के लिए कहा जा रहा है।)

अतः स्पष्ट है कि विराम चिह्न भाषा के लिए बहुत आवश्यक है और इनके प्रयोग से भाषा अधिक स्पष्ट और व्यवस्थित बनती है और इसके लिए कुछ चिह्न निर्धारित किए गए है। यही चिह्न, विराम चिह्न कहलाते हैं।

लिखित भाषा में प्रयुक्त किए जाने वाले चिह्नों या संकेतों को विराम चिह्न कहा जाता है।

हिंदी के कुछ विरामचिह्न इस प्रकार है

1.पूर्ण विराम (Full Stop)               ( । )

2.अर्द्ध विराम (Semi Colon) ( ; )

3.अल्प विराम (Comma)   ( , )

4.उपविराम (Colon)                  ( : )

5.प्रश्नवाचक चिह्न (Question Mark) ( ? )

6.विस्मयवाचक चिह्न (Sign of Exclamation) ( ! )

7.योजक या विभाजक (Hyphen) ( – )

8.निर्देशक (Dash) ( _ )

9.अवतरण या उद्धरण चिह्न (Inverted Comma) ( “  “ )

10.विवरण चिह्न (Colon Dash) ( :- )

11.कोष्ठक (Brackets) ( ) { } [ ]

12.हंसपद या त्रुटिपूरक (Error Sign) ( ^ )

13.लाघव चिह्न या संक्षेपसूचक (Sign of Abreviation) ( ० )

 

1.पूर्ण विराम (Full Stop) ( । ) – प्रश्नवाचक और विस्मयवाचक वाक्यों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के वाक्यों के अंत में इसका प्रयोग किया जाता है।

यदि निर्देश देने वाले वाक्यों के आगे उससे संबंधित कुछ लिखा हो तो वहाँ पूर्ण विराम का प्रयोग नहीं किया जाता, वहाँ पूर्ण विराम के स्थान पर निर्देशक चिह्न ( _ ) का प्रयोग किया जाता है।

जैसे- निम्नलिखित शब्दों का वर्ण-विच्छेद कीजिए-

संचयन , स्पर्श

 

2.अर्द्ध विराम (Semi Colon) ( ; ) – जब पूर्ण विराम की तुलना में थोड़ी कम अवधि के लिए रोका जाता है तब वहाँ अल्प विराम का प्रयोग होता है। इसका प्रयोग निम्नलिखित स्थानों पर किया जाता है-

(क) संयुक्त वाक्य के समान अधिकृत उप वाक्यों के बीच, दूसरे शब्दों में एक दूसरे से जुड़ें छोटे छोटे उपवाक्यों या वाक्यों के बीच इसका प्रयोग किया जाता है। जैसे-

बादल आए; बारिश हुई; चारो तरफ हरियाली छा गई।

घर जाओ; हाथ मुँह धोकर आराम करो; शाम को फुटबॉल लो और खेलने जाओ।

(ख) मिश्र तथा संयुक्त वाक्यों में विपरीत अर्थ प्रकट करने वाले उपवाक्यों के बीच; जैसे –

इशिता दिन में पढ़ती है; सान्या रात में पढ़ती है।

रोहन रोता रहा; माँ उसे डाँटती रही।

(ग) मिश्र वाक्य में प्रधान उपवाक्य तथा कारणवाची क्रियाविशेषण उपवाक्य के बीच; जैसे-

सुरभी ने समय पर प्रश्नपत्र पूरा करने की कोशिश की पर दो प्रश्न छूट ही गए; क्योंकि उसने लिखित रूप में अभ्यास नहीं किया था।

(घ) किसी वाक्य में उदाहरण सूचक ‘जैसे’ के पहले; जैसे

आकाश बहुत प्रश्न पूछता है; जैसे

(ड़) विभिन्न उपवाक्यों में अधिक बल देने के लिए; जैसे

सदैव मेहनत करते रहो; तभी सफलता मिलेगी।

(च) ऐसे स्थानों पर जहाँ अल्प विराम का प्रयोग अधिक हुआ हो और अल्प विराम लगाने से कुछ भ्रम होता है, वहाँ अर्द्ध विराम का प्रयोग किया जाता है; जैसे

निम्नलिखित प्रत्ययों से तीन तीन शब्द बनाएँ- आ- झगड़ा, पूजा, सेवा ; आई -पढ़ाई, लिखाई, बुनाई ; कर -उठकर, नहाकर, सोकर।

 

3.अल्प विराम (Comma) ( , )बोलते व लिखते समय रुकने के लिए इसका प्रयोग किया जाता है। जब वाक्य के मध्य में अर्द्ध विराम की तुलना में कुछ कम समय के लिए रुका जाता है तब अल्प विराम का प्रयोग किया जाता है। जैसे-

(क) किसी वाक्य में दो या दो से अधिक समान पद वाले शब्दों या पदबंधों में अलगाव दिखाने के लिए अल्प विराम का प्रयोग किया जाता है। जैसे-

दिवाली मेले में बच्चे, बूढ़े, स्त्री, पुरुष सभी उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं।

(ख) महीने की तारीख और सन् अलग अलग करने के लिए, शब्दों व संख्याओं को अलग-अलग करने के लिए; जैसे-

26 जनवरी, सन् 2022…..।

दामिनी, आहान, विआन, शिखर, अथर्व, तारा आदि।

2,4,6,8 ,10 …..।

(ग) हाँ/नहीं के बाद; जैसे

नहीं, मैं आपके साथ नहीं चल सकती।

हाँ, तुम घूमने जा सकती हो।

(घ) उपाधियों में अलगाव के लिए; जैसे

बी० ए०, एम० ए०, बी० एड०

(ड़) उद्धरण चिह्न से पहले; जैसे

अध्यापिका ने कहा, ‘‘सभी प्रश्नों के उत्तर दीजिए।’’

(च) मिश्र वाक्यों में दो उपवाक्यों को जोड़ते समय; जैसे

जब बादल आते हैं, तब बारिश आती है।

(छ) संबोधन के बाद, पत्र लिखते समय, अभिवादन लिखते समय, समापन के समय तथा पता लिखते समय; जैसे

मित्रों, मैं भी आप सभी के साथ हूँ।

सुनो भाइयो, मेरी बात सुनो।

अभिवादन – महोदय/महोदया, प्रिय मित्र,

समापन- भवदीय/भवदिया, आपका प्रिय,

(ज) वास्तव में, सचमुच, बस आदि शब्दों के बाद; जैसे

वास्तव में, तुम किसी का भला नहीं चाहते।

सचमुच, तुमने तो कमाल कर दिया।

बस, अब आगे कुछ मत कहो।

(झ) विशेषण उपवाक्य का प्रयोग वाक्य के मध्य होने पर; जैसे

वह लड़की, जो घरों में काम करती है, बहुत ईमानदार है।

4. उपविराम (Colon) ( : ) इसे अपूर्ण विराम भी कहा जाता है इसका प्रयोग निर्देश देने, संवाद लेखन, निबंध, अनुच्छेद, कविता आदि के शीर्षक आदि में किया जाता है; जैसे-

संवाद लेखन-

आकाश: तुम्हें पता है, मैं मोबाइल के बिना नहीं रह सकता।

शिखर: मोबाइल का ज्यादा प्रयोग अच्छा नहीं है, यह भी तुम्हें पता होना चाहिए।

शीर्षक-

मोबाइल: एक समस्या , आरक्षण: कितना उचित, कितना अनुचित।

 

5. प्रश्नवाचक चिह्न (Question Mark) ( ? )- जब वक्ता वाक्य में प्रश्नवाचक शब्दों, जैसे क्या,कब, कहाँ, कैसे, क्यों आदि का प्रयोग करते हुए प्रश्न पूछता है तब प्रश्नवाचक चिह्न का प्रयोग किया जाता है; जैसे-

क्या आप बाजार जा रही है?     आपने मुझे क्यों नहीं बताया?  कल हम कहा मिलेंगे?

अगर एक ही वाक्य से उपवाक्यों के समान जुड़े वाक्य में प्रश्न सूचक शब्दों का प्रयोग किया गया हो तो ऐसे में अंतिम उपवाक्य के बाद ही प्रश्नवाचक चिह्न लगाया जाता है बाकी उपवाक्यों के बाद अल्पविराम का ही प्रयोग किया जाता है; जैसे

मैं कौन हूँ, क्या करती हूँ, कहाँ रहती हूँ, तुम यह सब क्यों जानना चाहती हो?

प्रश्नवाचक शब्द, हर स्थान पर प्रश्न पूछने के लिए प्रयुक्त नहीं होते इसलिए ऐसे स्थानों पर प्रश्नवाचक चिह्न नहीं लगाना चाहिए; जैसे-

तुम क्या कह रहे थे, मैं तो समझा ही नहीं।

तुम कही भी चले जाओ, मुझे कोई मतलब नहीं।

 

6.विस्मयवाचक चिह्न (Sign of Exclamation) ( ! )- प्रायः आश्चर्य, घृणा, प्रसन्नता आदि मनोभावों को प्रकट करने वाले विस्मयवाचक शब्दों के बाद ही इस चिह्न का प्रयोग किया जाता है; जैसे-

वाह! क्या नजारा है।              (प्रसन्नता)           

 छि:! तुमने यह अच्छा नहीं किया।  ( धिक्कार)

अरे! तुमने तो यह कर दिखाया।     (आश्चर्य)  

संबोधन में भी, संबोधन के बाद विस्मयवाचक चिह्न का प्रयोग किया जाता है; जैसे-

भाइयों और बहनों ! मैं आप सभी के साथ हूँ।

आँचल ! ज़रा देखो, कौन आया है?    

 

7. योजक या विभाजक (Hyphen) ( – )- योजक या विभाजक चिह्न का प्रयोग निम्नलिखित स्थितियों में किया जाता है –

(क) तत्पुरुष तथा द्वंद्व समास में दोनों पदों के मध्य किया जाता है : गीत-संगीत,

माता – पिता, भाई – बहन।

(ख) मध्य के अर्थ में; जैसे- कृष्णा – सुदामा चरित्र    कालका – हावड़ा मेल।

(ग) विलोम शब्द; जैसे- प्रेम – घृणा 

(घ) शब्द युग्मों में ; जैसे भीड़ – भाड़, पानी – वानी

(ड़) शब्दों के द्वित्व रूपों में; जैसे कभी – कभी, धीरे – धीरे

(च) संख्याओं तथा उनके अंशों को शब्दों में लिखते समय; जैसे तीन – चौथाई, दो – तिहाई।

(छ) तुलना सूचक के पहले ;जैसे – तुम -सा, शहद -सा, चाँद -सा।

 

8. निर्देशक (Dash) ( _ ) निर्देशक चिह्न भी पड़ी लकीर के रूप में होता है पर योजक चिह्न से इसका आकार बड़ा होता है। इसका प्रयोग निम्नलिखित स्थितियों में होता है; जैसे

(क) निम्नलिखित शब्द वाले कथन के बाद; जैसे-

निम्नलिखित शब्दों के अर्थ लिखिए – स्पर्श, संचयन

(ख) संवादों/वार्तालापों में नामों के बाद; जैसे-

नील – तुम कहाँ गए थे?

शौर्य – जहाँ भी गया था,पापा को बता कर गया था।

(ग) किसी वाक्यांश/पद की व्याख्या या उसे स्पष्ट करने के लिए; जैसे

‘‘तुम्हें सफलता प्राप्त करनी है’’-मेहनत और कार्यकुशलता से।

(घ) किसी व्यक्ति के द्वारा कहे गए कथन को उद्धृत करने से पहले; जैसे-

सुभाष चंद्र बोस ने कहा था- ‘‘तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूँगा।’’

 (ड़) किसी अवतरण या अंश को लिखकर उसके लेखक का नाम लिखना हो तो इसका प्रयोग किया जाता है; जैसे-

‘मैया मैं नहि माखन खायो’- सूरदास।

 

9. अवतरण या उद्धरण चिह्न (Inverted Comma) ( “ “ ) अवतरण या उद्धरण चिह्न दो प्रकार के होते हैं-

(क) इकहरा उद्धरण चिह्न – किसी व्यक्ति का नाम या उपनाम या किसी पुस्तक का नाम इकहरे उदधरण चिह्न में लिखा जाता है; जैसे-

‘पर्वत प्रदेश में पावस’ कविता में प्रकृति का सजीव चित्रण है।

भक्ति काल के प्रमुख कवि हैं- ‘कबीरदास’, ‘सूरदास’, ‘मीराबाई’ तथा ‘रसखान’

(ख) दोहरा उद्धरण चिह्न- किसी के आदर्श कथन, कविता की पंक्तियों को लिखते समय अवतरण या उद्धरण चिह्न का प्रयोग किया जाता है; जैसे-

अध्यापक ने कहा था, ‘‘आहान ही कक्षा में प्रथम आएगा।’’

कबीरदास जी ने सत्य ही कहा था- ‘‘ऐसी बाँणी बोलिये, मन का आपा खोई।

                             अपना तन शीतल करै,  औरन को सुख होई।’’

You May Like – MCQ , Upsarg – Pratyay, Class 9, Hindi Course B

 

10. विवरण चिह्न (Colon Dash) ( :- ) कुछ सूचना, निर्देश आदि देने के लिए विवरण चिह्न का प्रयोग किया जाता है; जैसे-

रचना के आधार पर बाकी के तीन भेद होते हैं:- सरल, संयुक्त और मिश्र

 

11. कोष्ठक (Brackets) ( ) { } [ ] कोष्ठकों का प्रयोग निम्नलिखित स्थितियों में किया जाता है-

(क) किसी कठिन शब्दों को स्पष्ट करने के लिए; जैसे-

लौकिक (सांसारिक) शक्ति यों को मानना जरूरी है।

(ख) तीनों प्रकार के कोष्ठकों का प्रयोग गणित में होता है।

(ग) क्रम सूचक अंकों/ अक्षरों के साथ :

(अ), (ब), (स), (20), (21), (22)

 

12. हंसपद या त्रुटिपूरक (Error Sign) ( ^ ) लिखते समय जब कोई नशिया शब्द छूट जाता है तो हंसपद या त्रुटिपूरक चिन्ना को लगाकर उस शब्द को ऊपर लिख दिया जाता है; जैसे

                      इस

मैं नहीं चाहती थी कि आप ^ समय आएँ।

 

13. लाघव चिह्न या संक्षेपसूचक (Sign of Abreviation) ( ० ) किसी शब्द को संक्षिप्त रूप में लिखने के लिए लाघव चिह्न या संक्षेपसूचक का प्रयोग किया जाता है; जैसे

डॉ० मानव एक जाने माने डॉक्टर है।

पारुल ने इस साल एम०ए० की परीक्षा दी है।

 

 

              

                            एम सी क्यू

 

प्रश्न 1- निम्नलिखित विराम चिह्न ( ; ) का सही नाम बताइए-

(क) अर्द्ध -विराम     (ख)  लाघव चिह्न    

(ग) हंसपद           (घ) उप विराम   

 

प्रश्न 2- वाक्य की समाप्ति पर कौन सा चिह्न लगता है?

(क) लाघव चिह्न         (ख) पूर्ण विराम   

(ग) हंसपद             (घ) उप विराम   

 

प्रश्न 3- निम्नलिखित वाक्यों में से सही विराम चिह्न युक्त वाक्य चुनिए-

(क) अरे! तुम इतनी जल्दी उठ गए।    (ख) अरे, तुम इतनी जल्दी उठ गए।     

(ग) अरे; तुम इतनी जल्दी उठ गए।     (घ) इनमें से कोई नहीं  

 

प्रश्न 4– निम्नलिखित वाक्यों में सही विराम चिह्न युक्त वाक्य को चुनिए।

(क) सोहन, मोहन, वेदांत और राम मेला देखने गए है।     

(ख) सोहन मोहन वेदांत और राम मेला देखने गए है।

(ग) सोहन; मोहन; वेदांत और राम मेला देखने गए है.     

(घ) इनमें से कोई नहीं  

 

प्रश्न 5– पूर्ण विराम का प्रयोग वाक्य में कहाँ किया जाता है?

(क) वाक्य के अंत में     (ख) वाक्य के बीच में

(ग) वाक्य के आरंभ में    (घ) इनमें से कोई नहीं  

 

प्रश्न 6- निम्नलिखित वाक्यों में सही विराम चिह्न युक्त वाक्य को चुनिए।

(क) संज्ञा के भेद-व्यक्तिवाचक, जातिवाचक, भाववाचक    

(ख) संज्ञा के भेद :-व्यक्तिवाचक, जातिवाचक, भाववाचक       

(ग) संज्ञा के भेद हैं व्यक्तिवाचक, जातिवाचक, भाववाचक         

(घ) इनमें से कोई नहीं  

 

प्रश्न 7–  विराम चिह्न का क्या नाम है?

(क) तुल्यता चिह्न     (ख) अर्द्ध -विराम       

(ग) कोष्ठक          (घ) उप विराम   

 

प्रश्न 8- निम्नलिखित में अल्प विराम चिह्न कौन-सा है?

(क) :             (ख) ;

(ग) ,              (घ) _

 

प्रश्न 9- निम्नलिखित वाक्यों में सही विराम चिह्न युक्त वाक्य को चुनिए।

(क) वाह ! कितना अद्भुत दृश्य है।    

(ख) वाह ; कितना अद्भुत दृश्य है।    

(ग) वाह , कितना अद्भुत दृश्य है।    

(घ) इनमें से कोई नहीं  

 

प्रश्न 10- किसी बड़े या प्रसिद्ध शब्द को संक्षिप्त रूप में दर्शाने के लिए किस चिह्न का प्रयोग किया जाता है?

(क)लाघव चिह्न       (ख)अर्द्ध– विराम   

(ग) अल्प विराम       (घ) कोष्ठक

 

प्रश्न 11– निम्नलिखित वाक्यों में सही विराम चिह्न युक्त वाक्य को चुनिए।

(क) जीवन ;एक संघर्ष       (ख) जीवन, एक संघर्ष     

(ग) जीवन: एक संघर्ष        (घ) इनमें से कोई नहीं  

  

प्रश्न 12- निम्नलिखित में से निर्देशक कौन-सा है?

(क) ?                (ख) ,  

(ग) ‘’                (घ) –

 

 प्रश्न 13- निम्नलिखित वाक्यों में सही विराम चिह्न युक्त वाक्य को चुनिए।

(क) राम खेलता है:-     (ख) राम खेलता है।

(ग) राम खेलता है!       (घ) इनमें से कोई नहीं  

 

प्रश्न 14- ( ; ) कोष्ठांकित विराम चिह्न का क्या नाम है?

(क) अर्द्ध -विराम      (ख) तुल्यता चिह्न      

(ग) कोष्ठक          (घ) उप विराम   

 

प्रश्न 15- निम्नलिखित वाक्यों में सही विराम चिह्न युक्त वाक्य को चुनिए।

(क) मेला लगा था, लोग चीजें खरीद रहे थे।    

(ख) मेला लगा था; लोग चीजें खरीद रहे थे।     

(ग) (क) और (ख) दोनों     

(घ) इनमें से कोई नहीं      

 

प्रश्न 16- विराम का क्या अर्थ है?

(क) चलना      (ख) ठहराना या रुकना   

(ग)बिछुड़ना      (घ) स्वर

 

प्रश्न 17- समानाधिकरण शब्दों के बीच में किस विराम चिह्न का प्रयोग होता है?

(क) ,            (ख) :

(ग) ;            (घ)  ‘’

 

प्रश्न 18- निम्नलिखित वाक्यों में सही विराम चिह्न युक्त वाक्य को चुनिए।

(क) आप कौन हैं;    (ख) आप कौन हैं?

(ग) आप कौन हैं।    (घ) (घ) इनमें से कोई नहीं  

 

प्रश्न 19-निम्नलिखित में से कौन सा विवरण चिह्न है?

(क) ‘’           (ख) ,

(ग) :-          (घ) :

 

प्रश्न 20- किसी कठिन शब्द को स्पष्ट करने के लिए किस विराम चिह्न का प्रयोग किया जाता है?

(क) विवरण चिह्न     (ख) निर्देशक  

(ग) कोष्ठक          (घ) उप विराम   

  

प्रश्न 21- निम्नलिखित वाक्यों में सही विराम चिह्न युक्त वाक्य को चुनिए।

(क) राधा, चिल्लाते हुए-‘निकल जाओ यहाँ से’’।    

(ख) राधा: चिल्लाते हुए,‘निकल जाओ यहाँ से’’।     

(ग) राधा चिल्लाते हुए-‘‘निकल जाओ यहाँ से’’।         

(घ) इनमें से कोई नहीं  

 

प्रश्न 22- निम्नलिखित में से किसे हंसपद भी कहते हैं? 

(क) विवरण चिह्न     (ख) निर्देशक  

(ग) त्रुटिपूरक चिह्न      (घ) पूर्ण विराम 

 

प्रश्न – निम्नलिखित वाक्यों में सही और गलत बताइए  –

प्रश्न 23– वाक्य की समाप्ति पर विस्मयादिबोधक चिह्न लगता है।

(क) गलत              (ख) सही

  

प्रश्न 24-किसी के कथन को प्रस्तुत करने के लिए उद्धरण चिह्न लगता है।

(क) गलत               (ख) सही

 

प्रश्न 25-समुच्चयबोधक से पहले पूर्ण विराम लगता है।

(क) सही               (ख) गलत

 

प्रश्न 26-वाक्य में किसी शब्द के छूट जाने पर हंसपद चिह्न का प्रयोग किया जाता है।

(क) सही               (ख) गलत   

 

प्रश्न 27-वाक्यांशों के विषय में सूचना या निर्देश देने के लिए योजक चिह्न का प्रयोग किया जाता है।

(क) गलत              (ख)  सही

 

प्रश्न 28-जहाँ किसी बात को अलग करके दिखाना हो वहाँ अर्द्ध विराम का प्रयोग किया जाता है।

(क) गलत              (ख) सही 

 

प्रश्न 29-हम बोलते समय कभी नहीं रुकते।

(क) सही               (ख) गलत

 

प्रश्न 30- ; का प्रयोग वाक्य में थोड़ा ठहरने के लिए किया जाता है।

(क) सही               (ख) गलत

 

समाधान

उत्तर 1 (क) अर्द्ध -विराम     

उत्तर 2(ख) पूर्ण विराम   

उत्तर 3 (क) अरे! तुम इतनी जल्दी उठ गए।    

उत्तर 4(क) सोहन, मोहन, वेदांत और राम मेला देखने गए है।     

उत्तर 5 -–(क) वाक्य के अंत में      

उत्तर 6 (ख) संज्ञा के भेद :-व्यक्तिवाचक, जातिवाचक, भाववाचक       

उत्तर 7– –(क) तुल्यता चिह्न             

उत्तर 8(ख) राम खेलता है।

उत्तर  9(क) वाह ! कितना अद्भुत दृश्य है।    

उत्तर  10(ग) राधा चिल्लाते हुए-‘‘निकल जाओ यहाँ से’’।          

उत्तर 11-(ग) जीवन: एक संघर्ष        

उत्तर 12 (घ) –              

उत्तर 13 (ग) ,              

उत्तर  14(क) अर्द्ध -विराम      

उत्तर  15(ख) मेला लगा था; लोग चीजें खरीद रहे थे।            

उत्तर  16 (ख) ठहराना या रुकना   

उत्तर 17(क) ,            

उत्तर 18 (ख) आप कौन हैं?

उत्तर 19-(ग) :-          

उत्तर 20-(ग) कोष्ठक          

उत्तर 21-(क)लाघव चिह्न       

 उत्तर22-(ग) त्रुटिपूरक चिह्न      

उत्तर 23-(क) गलत             

उत्तर 24-(ख) सही

उत्तर 25-(ख) गलत

उत्तर 26-(क) सही               

उत्तर 27(क) गलत             

उत्तर 28(क) गलत                             

उत्तर 29-(ख) गलत

उत्तर 30-(ख) गलत

 

 1,494 total views,  2 views today

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright ©2022, All rights reserved. | Newsphere by AF themes.
error: Content is protected !!